Last Updated on September 12, 2026 by Gopi Krishna Verma
छह महीने पहले पूनम ने की थी प्रेम विवाह, नर बलि की आशंका, तीन महीने की गर्भवती थी मृतका

गिरिडीह। बेंगाबाद की एक युवती की धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र में दर्दनाक हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान बेंगाबाद निवासी संदीप रवानी की सबसे छोटी बेटी पूनम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मृतका तीन महीने की गर्भ से थी। पूनम की सिर कटी लाश शुक्रवार सुबह बलियापुर के कल्याणडीह (ढांगी पंचायत) के समीप झाड़ियों से बरामद की गई, जिससे इलाके में भारी आक्रोश और सनसनी फैल गई।
प्रेम विवाह के छह महीने बाद ही दर्दनाक अंत
परिजनों के अनुसार, पूनम ने करीब छह माह पूर्व धनबाद जिले के मनियाडीह (टुंडी) निवासी कृष रवानी के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही दोनों बलियापुर के करमाटांड़ में एक किराए के मकान में रह रहे थे। भाई विकास रवानी ने बताया कि पूनम बीते बुधवार से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थी। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो पिता संदीप रवानी ने गुरुवार को बलियापुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

नरबलि की आशंका, पुलिस और सीआईडी जांच में जुटी
शुक्रवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने झाड़ी में पूनम का धड़ देखा, जबकि उसका सिर कुछ दूरी पर एक बोरी में बंद मिला। शव के पास से पूजन सामग्री भी बरामद हुई है, जिससे स्थानीय लोगों द्वारा नरबलि की मंशा से हत्या किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ बोकारो सीआईडी की टीम डॉग स्क्वॉयड को लेकर मौके पर पहुंची। जांच के दौरान खोजी कुत्ता घटनास्थल से करीब 6 किलोमीटर दूर करमाटांड़ स्थित उसी किराए के मकान में पहुंचा, जहां पूनम अपने पति के साथ रहती थी। वहां से पुलिस ने एक बेल्ट जब्त किया है।

पति गिरफ्तार, दो अन्य हिरासत में
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतका के पति कृष रवानी को मनियाडीह के पास से गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा एक अन्य महिला और एक युवक को भी हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच (SNMMCH) धनबाद भेज दिया है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, घटना की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है कि हत्या में कौन-कौन शामिल थे और इसके पीछे की मुख्य मंशा क्या थी। बेंगाबाद में बेटी की इस निर्मम हत्या की खबर के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।




