Last Updated on September 2, 2026 by Gopi Krishna Verma
डीडीसी स्मृता कुमारी ने 28-धनवार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के बीएलओ पर्यवेक्षकों के साथ बैठक की, दिए जरूरी दिशा-निर्देश

गिरिडीह। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत दावा एवं आपत्ति अवधि में प्राप्त प्रपत्र-6 एवं प्रपत्र-8 की प्रगति की समीक्षा को लेकर आज अनुमंडल सभागार, खोरीमहुआ में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में 28-धनवार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के बी.एल.ओ. पर्यवेक्षकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 28-धनवार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र उपस्थित थे। समीक्षा के दौरान बताया गया कि 05 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक धनवार विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,496 प्रपत्र-6 प्राप्त हुए हैं। बैठक में सभी 48 बी.एल.ओ. पर्यवेक्षकों से मतदान केंद्रवार प्राप्त प्रपत्र-6 एवं नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा की गई।

उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र युवाओं के साथ-साथ छूटे हुए पात्र नागरिकों, नवविवाहित महिलाओं, नए निवासियों एवं अन्य पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उनका प्रपत्र-6 प्राप्त किया जाए। उन्होंने मतदाता सूची में नाम, जन्मतिथि, पता, फोटो अथवा अन्य विवरणों में संशोधन तथा निवास स्थान परिवर्तन के लिए पात्र मतदाताओं से प्रपत्र-8 प्राप्त कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ बी.एल.ओ. ऐप के माध्यम से समयबद्ध ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी बी.एल.ओ. पर्यवेक्षकों को अपने अधीनस्थ बी.एल.ओ. के साथ नियमित समन्वय करते हुए क्षेत्र भ्रमण करने तथा प्रत्येक मतदान केंद्र से 05 सितंबर 2026 तक कम-से-कम 30 प्रपत्र-6 प्राप्त कर बी.एल.ओ. ऐप पर ऑनलाइन करने का निर्देश दिया। साथ ही, मतदान केंद्रवार दैनिक प्रगति की समीक्षा करने एवं निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

उप विकास आयुक्त ने कम अथवा शून्य प्रपत्र-6 प्राप्त करने वाले मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान देने तथा घर-घर संपर्क के माध्यम से पात्र मतदाताओं की पहचान कर आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से कार्य करने को कहा गया। बैठक में निर्वाचन कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने एवं दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता के मामले में श्री कार्तिक विश्वकर्मा, पंचायत सचिव, गावां का वेतन स्थगित करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं, निम्नलिखित बी.एल.ओ. पर्यवेक्षकों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया—
धानेश्वर रविदास, पंचायत सचिव, तिसरी।
संदीप कुमार रजक, पंचायत सचिव, तिसरी।
सामुएल मुर्मू, जनसेवक, गावां।
दीपिका कुमारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, धनवार।
अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ ने सभी पर्यवेक्षकों को मतदान केंद्रवार कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने तथा प्राप्त आवेदनों एवं दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जांच करने का निर्देश दिया।
बैठक में सभी बी.एल.ओ. पर्यवेक्षकों को अपने अधीनस्थ बी.एल.ओ. को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निर्वाचन संबंधी कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।




