Last Updated on July 29, 2026 by Gopi Krishna Verma
29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 समरसता संकल्प अभियान मनाने का लिया संकल्प

गिरिडीह। भारतीय जनता पार्टी, गिरिडीह महानगर द्वारा बुधवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी “समरसता संकल्प अभियान” को लेकर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा गिरिडीह महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे देश में चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत समरसता दीप महोत्सव, कलश वंदन अभियान, संत संपर्क अभियान, समरसता यात्रा एवं समरसता संवाद जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष महादेव दूबे ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज का जीवन सामाजिक समरसता और समानता का प्रेरणास्रोत है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने तथा भेदभाव मिटाने की प्रेरणा देते हैं। पूर्व महापौर एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता सुनील पासवान ने कहा कि गुरु रविदास महाराज का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने वाला है तथा यह अभियान सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को और अधिक मजबूत करेगा।
पूर्व जिला महामंत्री सुभाष सिन्हा ने कहा कि अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता समाज के सभी वर्गों तक पहुंचकर गुरु रविदास महाराज के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष खिरोधर दास एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार रजक ने भी अपने विचार रखे और अभियान को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से भाजपा गिरिडीह महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय, पूर्व जिला अध्यक्ष महादेव दूबे, सुनील पासवान पूर्व महापौर सह अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता, पूर्व जिला महामंत्री सुभाष सिन्हा, मंडल अध्यक्ष खिरोधर दास तथा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार रजक उपस्थित थे। अंत में सभी कार्यकर्ताओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों से इस राष्ट्रव्यापी “समरसता संकल्प अभियान” में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई।




