Last Updated on June 23, 2026 by Gopi Krishna Verma

बिरनी। बीते रविवार को संपन्न राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (NEET) में दूसरी छात्रा के बदले परीक्षा देने के जुर्म में लखीसराय पुलिस ने एक छात्रा को गिरफ्तार किया है, जिसकी जानकारी लखीसराय पुलिस ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दिया। गिरफ्तार छात्रा 2021 में झारखंड के रांची स्थित उर्सुलाइन इंटर कॉलेज से पढ़ाई कर जैक बोर्ड में इंटर साइंस की टॉपर रह चुकी है। जो फिलहाल बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में बीएससी नर्सिंग की छात्रा है।

गिरफ्तार छात्रा पूनम कुमारी बिरनी प्रखंड के बरमसिया पंचायत के ग्राम खरटी निवासी बालेश्वर प्रसाद राणा की पुत्री है जो किसी मधुप्रिया नाम की छात्रा के बदले NEET का एग्जाम दे रही थी, बायोमेट्रिक मिलान नहीं होने पर अधिकारियों के द्वारा जब कड़ाई से पूछताछ किया गया तब छात्रा ने सच्चाई कबूल कर ली।

अब सवाल उठता है कि गिरफ्तार छात्रा साल्वर गैंग के झांसे में कैसे आई या फिर इस गैंग में शामिल होने के लिए कितना में सौदा हुआ था। वहीं इस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी अश्विनी कुमार उर्फ मयंक कश्यप पीएमसीएच पटना में एमबीबीएस का छात्र है। जो धोखाधड़ी कर बायोमेट्रिक कर्मी बन कर सॉल्वर गैंग के छात्रों को एग्जाम सेंटर में प्रवेश करवा रहा था। खैर मामला जो भी पूरी जांच के बाद ही पता चल सकता है।




