Last Updated on June 18, 2026 by Gopi Krishna Verma
उपायुक्त रामनिवास यादव ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की, दिए जरूरी दिशा-निर्देश

गिरिडीह। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में शहरी परिवहन, यातायात एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओ की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, IAS प्रशिक्षु, सभी अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह जिला, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के प्रारंभ में जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार द्वारा उपायुक्त को बैठक के विभिन्न एजेंडों से अवगत कराया गया। उन्होंने जिले में सड़क सुरक्षा से संबंधित वर्तमान स्थिति, दुर्घटना संभावित स्थलों पर किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों, प्रवर्तन गतिविधियों एवं जन-जागरूकता अभियानों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
इस दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने सड़क सुरक्षा समिति द्वारा किये जा रहे कार्यों एवं जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त ने पेंडिंग हिट एंड रन केस के मामलों में जल्द उचित कारवाई कर निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने ओवर स्पीडिंग पर रोक लगाने, ज्यादा दुर्घटना वाले क्षेत्रों में हाई मास्ट लाइट लगाने, सीसीटीवी कैमरे, वाहन जांच अभियान, जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन, ब्लैक स्पॉट चिंहितिकरण आदि को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए।

उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलने व अवैध परिवहन पर लगाम लगाने हेतु समय-समय पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिए। इसके अलावा उपायुक्त ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने एवं वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से जिले के सभी क्षेत्रों में सभी थाना प्रभारी को नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। ताकि लोगों में जागरूकता फैले और वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करें जिससे हो रही दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। इन सबके अलावा बैठक के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करने को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बैठक के पश्चात जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि “सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। दुर्घटना संभावित स्थलों के सुधार, यातायात नियमों के अनुपालन, प्रवर्तन कार्यों को और प्रभावी बनाने तथा जन-जागरूकता गतिविधियों को तेज करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं। विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर निरंतर अभियान संचालित किया जा रहा है तथा सभी संबंधित एजेंसियों के सहयोग से इसे और सुदृढ़ बनाया जाएगा।”




