Last Updated on June 12, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिले व आसपास के क्षेत्रों के कैंसर मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। रांची के प्रतिष्ठित कैंसर अस्पताल एचसीजी अब्दुल रज्जाक अंसारी कैंसर हॉस्पिटल के सहयोग से शहर के श्री साईं हॉस्पिटल में समर्पित कैंसर ओपीडी सेवा की शुरुआत की जा रही है। इस नई सुविधा का शुभारंभ शनिवार से होगा, जिससे मरीजों को अब विशेषज्ञ परामर्श के लिए बार-बार बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
शुक्रवार को शहर के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में एचसीजी अब्दुर रज्जाक अंसारी कैंसर हॉस्पिटल के प्रतिनिधियों ने इस पहल की जानकारी दी। बताया गया कि प्रत्येक माह के दूसरे शनिवार को श्री साईं हॉस्पिटल में कैंसर विशेषज्ञों की ओपीडी आयोजित होगी, जहां मरीजों को कैंसर संबंधी जांच, परामर्श और उपचार संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रेस वार्ता में सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डॉ संदीप कुमार ब्रांडिंग एवं संचार प्रबंधक मनोरंजन कुमार राय तथा श्री साईं हॉस्पिटल के जनरल सर्जन डॉ अरविंद कुमार मौजूद रहे।वक्ताओं ने कहा कि कैंसर के उपचार में समय पर पहचान और विशेषज्ञ सलाह बेहद महत्वपूर्ण होती है। छोटे शहरों के मरीजों को अक्सर विशेषज्ञ सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे इलाज में देरी हो जाती है। ऐसे में गिरिडीह में कैंसर विशेषज्ञ ओपीडी की शुरुआत मरीजों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

उन्होंने बताया कि इस पहल से कैंसर की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार योजना और बेहतर रोग प्रबंधन संभव हो सकेगा। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों का समय एवं आर्थिक बोझ भी कम होगा। स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध होने से कैंसर उपचार सेवाओं तक पहुंच और अधिक सुलभ बनेगी।इस नई व्यवस्था को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखा जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि इससे कैंसर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।




