Last Updated on June 1, 2026 by Gopi Krishna Verma
जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी गांव की घटना

गिरिडीह। जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी गांव में रविवार की देर शाम एक पारिवारिक विवाद में पूरा गांव तमाशबीन बन गया। हुआ यूँ की चार बच्चों का पिता पिंटू कुमार अचानक एक दूसरी महिला को लेकर अपने घर पहुंच गया। घर में दूसरी महिला की एंट्री होते ही माहौल गर्म हो गया। पहली पत्नी और परिवार के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते-ही-देखते बात पूरे गांव में फैल गई।बात जब पहली पत्नी के मायके वालों के पास पहुंची, तो वहां से महिलाओं का एक समूह सीधे पिंटू के घर पहुंच गया। घर पर जब मां नहीं मिली तो नाराज महिलाओं ने उसकी मां मालती देवी को ही पकड़ लिया। मालती देवी स्वास्थ्य विभाग में सहिया के रूप में कार्यरत हैं।

आरोप है कि महिलाओं ने मालती देवी को बिजली के खंभे से बांध दिया और बेटे पिंटू को बुलाने की मांग करने लगी। गांव के बीचों-बीच खंभे से बंधी सहिया को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामले की सूचना मिलते ही तिसरी थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हस्तक्षेप कर पोल से बंधे मालती देवी को मुक्त कराया।

इस दौरान मालती देवी ने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट भी की गई। जबकि पिंटू के ससुराल से आई महिलाओं ने उसकी मां द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए पूरी घटना से रूबरू कराया। इधर तिसरी पुलिस पिंटू और उसके साथ आई महिला को थाना ले जाकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि युवक के साथ आई महिला पहले से विवाहित थी।




