जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष लगभग आधा दर्जन लोग घायल, एक की हालत नाजुक
Last Updated on April 23, 2026 by Gopi Krishna Verma

बिरनी। प्रखंड क्षेत्र के पेशम पंचायत के ग्राम सुईयाडीह में गुरुवार की सुबह एक जमीनी विवाद में लगभग आधे दर्जन लोग घायल है, जिसमें एक की हालत गंभीर है। जैसा कि स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी गांव निवासी गिरधारी महतो एवं कोल्हा यादव के बीच विगत कई वर्षों से एक जमीनी विवाद था। जहां सुबह गिरधारी महतो एवं गुड्डा महतो अपनी जमीन में दीवाल दे रहा था। इसी बीच दूसरे पक्ष के कोल्हा यादव हर्वे हथियार के साथ आकर गिरधारी महतो एवं गुड्डा महतो पर हमला बोल दिया, जिससे वे दोनों एवं उसके घर की दो महिलाएं भी गंभीर रूप से घायल हो गई।

इस बीच दो पक्षों को झगड़ता देख बीच बचाव के लिए आए सरयू प्रसाद वर्मा, पिंटू वर्मा, सुधीर वर्मा, शिबू वर्मा को भी गंभीर चोटें आई है। वहीं दूसरे पक्ष से कोल्हा यादव को मामूली चोटें आई है। आनन फानन में घायल को स्थानीय लोगों के द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनी ले जाया गया जहां इलाज के दौरान हालत की गंभीरता को देखते हुए सरयू प्रसाद वर्मा को बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष ने थाने में आवेदन नहीं दिया है।
