टक्कर: बेंगाबाद एनएच 114ए पर सलैया के पास कार व सवारी वाहन में भीषण टक्कर, पलटी कार पर कोई हताहत
Last Updated on April 17, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। शुक्रवार को गिरिडीह-मधुपुर मुख्य मार्ग पर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के सलैया के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां कार और एक पिकअप सवारी वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार गिरिडीह से मधुपुर की ओर तेज रफ्तार में जा रही थी। सलैया के पास एक होटल के पास देवघर से लौट रहे पिकअप सवारी वाहन को चालक ने भोजन के लिए रोक रखा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खड़े पिकअप वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क पर ही पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद कार में सवार सभी लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि, किसी के घायल या हताहत न होने से एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों वाहनों की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त टाटा कर्व को सीधा कर थाना लाया जा रहा है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस के प्रयास से सामान्य कराया गया।
