छोटकी खरगडीहा के श्री श्री विनायक हॉस्पिटल में एक महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत
Last Updated on April 17, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिले के बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत छोटकी खरगडीहा स्थित श्री श्री विनायक हॉस्पिटल में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। इधर घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। वहीं स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जिससे अस्पताल परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।वही मृतका की पहचान खुरचुट्टा गांव निवासी रेखा देवी (पति संजय भदानी) के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, 21 मार्च को रेखा देवी का श्री विनायक अस्पताल में गर्भपात कराया गया था। इसके बाद से उनकी तबीयत लगातार खराब रहने लगी और ब्लडिंग बंद नहीं हो रही थी। परिजन कई बार इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे, लेकिन उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।शुक्रवार की सुबह करीब 6 बजे तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उन्हें फिर अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में कुछ समय तक ऑक्सीजन लगाया गया, लेकिन बाद में डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र ले जाने की बात कही। इसी दौरान ऑक्सीजन हटाए जाने से उनकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा किया।वहीं अस्पताल प्रबंधन के मैनेजर राहुल ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि महिला की हालत पहले से ही गंभीर थी और उन्हें केवल सलाइन एवं सामान्य उपचार दिया गया था। उन्होंने किसी भी प्रकार की लापरवाही से साफ इनकार किया। मृतका के पति सूरत में प्रवासी मजदूर के रूप में कार्यरत हैं।इधर लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की ।
