गिरिडीह: शहर के हुट्टी बाजार के रविदास टोला में खूनी संघर्ष में एक की मौत, तीन घायल
Last Updated on March 6, 2026 by Gopi Krishna Verma
डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में हुई थी ख़ूनी संघर्ष, चाकू व उस्तुरा से ताबड़तोड़ हमले में एक युवक की हुई हत्या

गिरिडीह। शहर के नगर थाना क्षेत्र के हुट्टी बाजार के रविदास टोला में गुरुवार की रात डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच ख़ूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर चाकूबाजी ओर उस्तूराबाजी हुई जिसमें एक युवक की हत्या कर दी गयी है, जबकि इस घटना में तीन लोग घायल हो गए हैं।

मृतक की पहचान हुट्टी बाजार निवासी 30 वर्षीय अजय कुमार दास के रुप में की गई। वहीं घायलों में राजेश दास, परदूम दास और प्रेम दास शामिल हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना के संबंध में बताया गया की हुट्टी बाजार मुहल्ले में डीजे बज रहा था। इसी दौरान मुहल्ले के कुछ बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बच्चों के झगड़े को शांत कराने के लिए अजय कुमार दास समेत अन्य लोग बीच-बचाव करने पहुंचे थे। इसी बीच हुट्टी बाजार निवासी रवि दास अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंच गया और देखते-ही-देखते अजय सहित अन्य लोगों पर उस्तरा व चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर-शराबा सुनकर स्थानीय लोग जुट गए और इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अजय कुमार दास को मृत घोषित कर दिया। इधर घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। बताया जा रहा है कि हमलावर और मृतक आपस में जीजा-साला हैं तथा दोनों के बीच पहले से किसी बात को लेकर आपसी रंजिश भी चल रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी नीरज कुमार सिंह, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
