इम्पीरियल पब्लिक स्कूल, बरमसिया मोड़ में गणतंत्र दिवस की तैयारियां जोरों पर, सांस्कृतिक कार्यक्रमों संग शिशु वाटिका का शुभारंभ की घोषणा

0

Last Updated on January 23, 2026 by Gopi Krishna Verma

बिरनी। इम्पीरियल पब्लिक स्कूल, बरमसिया मोड़ में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर तैयारियां पूरे उत्साह और जोश के साथ अंतिम चरण में हैं। विद्यालय परिसर में देशभक्ति का वातावरण व्याप्त है। कक्षा नर्सरी से लेकर दशवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा विविध एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सघन रिहर्सल की जा रही है।

कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनोहारी नृत्य से होगी, जो दर्शकों को आकर्षित करेगा। इसके पश्चात विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थी नृत्य के माध्यम से भारत के अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक एवं राजकीय नृत्यों की प्रस्तुति देंगे, जिससे भारत की सांस्कृतिक विविधता का जीवंत प्रदर्शन होगा।सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सामाजिक चेतना को जागृत करने वाले कार्यक्रम भी मंच पर प्रस्तुत किए जाएंगे।

विद्यार्थियों द्वारा लघु नाटकों के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों जैसे दहेज प्रथा पर करारा प्रहार किया जाएगा तथा शराब सेवन से होने वाले पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया जाएगा।कार्यक्रम का विशेष आकर्षण स्टंट डांस होगा, जिसमें विद्यार्थियों द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर अनुशासन, एकता और सामूहिक प्रयास का संदेश दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त देश के वीर जवानों को समर्पित देशभक्ति नृत्यों की प्रस्तुति देकर राष्ट्रप्रेम और त्याग की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया जाएगा। इसी अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा इम्पीरियल शिशु वाटिका के शुभारंभ की भी औपचारिक घोषणा की गई है। यह शिशु वाटिका नन्हे बच्चों के लिए सुरक्षित, आनंददायक एवं बाल-मैत्रीपूर्ण वातावरण में खेल-आधारित प्रारंभिक शिक्षा प्रदान करेगी, जिससे बच्चों के बौद्धिक, शारीरिक एवं नैतिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

विद्यालय के संस्थापक नागेश्वर प्रसाद वर्मा एवं चंद्रशेखर प्रसाद वर्मा तथा प्रधानाध्यापक रोहित कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि शिशु वाटिका के शुभारंभ से प्रारंभिक शिक्षा को सुदृढ़ आधार मिलेगा और बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की निरंतर मेहनत, समर्पण और कुशल मार्गदर्शन का प्रत्यक्ष परिणाम हैं। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं पिछले कई दिनों से बच्चों को नृत्य, नाटक, देशभक्ति गीत एवं मंच संचालन का नियमित अभ्यास करवा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों की प्रतिभा निखरकर सामने आ रही है।

उनके अथक प्रयासों के कारण ही आज विद्यार्थी आत्मविश्वास के साथ मंच पर अपनी प्रस्तुतियों को देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों से गणतंत्र दिवस समारोह में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *