डीसी ने किया डुमरी अनुमंडल अस्पताल का निरीक्षण, कुपोषित बच्चों को दी जा रही सुविधाओं का लिया जायजा
Last Updated on December 27, 2025 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। शुक्रवार को स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था को सुनिश्चित कराने एवं जिले में कुपोषण की समस्या को खत्म करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए है। इसी क्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव द्वारा अनुमंडलीय अस्पताल, डुमरी का निरीक्षण किया गया जिसमें विशेष रूप से कुपोषण उपचार केंद्र (MTC) का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान केंद्र में भर्ती कुपोषित बच्चों को दी जा रही चिकित्सीय सुविधाओं, पोषण आहार, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता एवं रिकॉर्ड संधारण की समीक्षा की गई। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निदेशित करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कुपोषित बच्चों की पहचान की जाए और समय पर उन्हें MTC (कुपोषण उपचार केंद्र) केंद्र में पहुंचाया जाए इसका विशेष रूप से ध्यान रखें। महिला पर्यवेक्षक गंभीरता से कार्य करें।

निरीक्षण में बच्चों के लिए निर्धारित आहार चार्ट, नियमित स्वास्थ्य जांच, वजन मापन एवं देखभाल व्यवस्था का जायजा लिया गया। संबंधित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया गया कि बच्चों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही केंद्र में स्वच्छता बनाए रखने, माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श देने तथा समय-समय पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने रोस्टर पंजी की भी जांच की एवं कहा कि स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्वास्थ्य कर्मी इसका विशेष रूप से ध्यान रखेंगे एवं जिम्मेवारी के साथ कार्य करेंगे।
