Last Updated on August 30, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। लव-कुश जयंती समारोह और भव्य शोभायात्रा को लेकर कुशवंशी समाज की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कार्यक्रम की सफलता और व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर जिला अध्यक्ष इंद्र नारायण प्रसाद की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अब तक की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए रणनीतियों को अंतिम रूप दिया गया।
कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न टीमों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। समाज के पदाधिकारियों ने दावा किया कि इस आयोजन में पूरे जिले से हजारों की संख्या में कुशवंशी समाज के लोग जुटेंगे।

यह रहेगा शोभायात्रा का मार्ग
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रातः 10 बजे गिरिडीह के झंडा मैदान से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा टावर चौक होते हुए जननायक रीतलाल बाबू चौक पहुंचेगी, जहां उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्प व माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
शोभायात्रा के समापन के बाद सिहोडीह स्थित कुशवाहा छात्रावास भवन में मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

एकजुटता के साथ काम करने की अपील
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष इंद्र नारायण प्रसाद ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी और एकजुटता के साथ जुटने की अपील की।
इस अवसर पर जिला कार्यकारी अध्यक्ष दिगंबर प्रसाद दिवाकर, मुन्ना कुशवाहा, संरक्षक तिलक महतो, मनोज कुमार वर्मा, रामदेव वर्मा, सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा, विनोद कुमार वर्मा, हरिनंदन प्रसाद, रामचंद्र प्रसाद समेत बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।




