नवडीहा: एक महीने पहले हुई थी पुजा की शादी, ससुराल वालों पर लगा दहेज हत्या का आरोप
Last Updated on June 10, 2025 by Gopi Krishna Verma
नवडीहा ओपी क्षेत्र के उखरसाल की घटना

नवडीहा। मंगलवार को नवडीहा ओपी क्षेत्र के उखरसाल में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला प्रकाश में आया है। सूत्रों के अनुसार नवविवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। पीहर पक्ष के आने के पहले ससुराल वालों पर फांसी का फंदा खोलने का आरोप लगा है।

मृतका के मायके वाले की सूचना के बाद पुलिस ने ससुराल से नवविवाहिता के घर के आंगन से खटिया पर रखा शव बरामद किया है। मृतका की पहचान 19 साल की पूजा कुमारी के रुप में हुई है, जो उखरसाल गांव के रहने वाले शिवकुमार यादव की पत्नी थी। मृतका का विवाह बीते मई माह 2025 को हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु थाना ले गई है।
दहेज हत्या का आरोप
घटना के संबंध में मृतका के पिता हाको यादव ने नवडीहा ओपी में आवेदन देकर मृतका के ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार मृतका पूजा कुमारी का विवाह हिन्दु रीति-रिवाज के अनुसार 4 मई, 2025 को शिवकुमार यादव के साथ हुआ था। शादी के वक्त लड़का व उनके परिजन को सात लाख नगद एवं दो लाख का बासन-बर्तन वगैरह सामान दिया था। जब मृतका ससुराल गई तो ससुराल वाले पति शिवकुमार यादव, ससुर- सुखु यादव, सास- अनिता देवी, जटाहा यादव, रामदेव यादव, गुलाब यादव, राजू यादव, राजकुमार यादव, सोनु यादव, अरुण यादव सभी मिलकर अतिरिक्त दहेज स्वरुप एक आपाची मोटर साईकिल एवं एक लाख रुपये की मांग करने लगे। नहीं लाने पर जान से मार कर दूसरी शादी कर लेने का धमकी दे रहे थे।

घटना की सूचना पाकर जब बेटी के ससुराल उखरसाल पहुंचे तो देखा कि बेटी के सुसराल वाले सभी फरार थे। बेटी का शव घर के आंगन खटिया पर पड़ा था। मामले को लेकर पुलिस जांच-पड़ताल कर, आवश्यक कार्यवाई में जुट गई है।