Last Updated on September 28, 2026 by Gopi Krishna Verma
खेलने के दौरान फिसल गया था पैर, हालिया बारिश से लबालब भरे तालाब के गहरे पानी में समाई शिक्षक की बेटी

गिरिडीह। तुकतुको गांव के कुम्हराबांध टोला में रविवार को एक दुखद हादसा हो गया। गांव के तालाब में डूबने से पांच वर्षीय मासूम बच्ची आरती कुमारी की मौत हो गई। मृतका स्थानीय शिक्षक हेमंत महतो की पुत्री थी। इस ह्रदयविदारक घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
खेलने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरती खेलने के क्रम में घर के समीप स्थित तालाब की ओर चली गई थी। इसी दौरान अचानक पैर फिसल जाने से वह तालाब में गिर गई। बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश के कारण तालाब पानी से लबालब भरा हुआ था, जिसके चलते मासूम बच्ची गहरे पानी में समा गई।

गांव में पसरा सन्नाटा, पुलिस पहुंची मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद बच्ची को पानी से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। हादसे की खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई।
मासूम की असमय मौत से स्तब्ध परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए शिक्षक सह सामाजिक आंदोलनकारी छोटन प्रसाद छात्र एवं बैजनाथ महतो समेत कई लोग गांव पहुंचे।
जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जताया शोक
घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष छोटेलाल यादव, भाजपा नेता आशीष कुमार उर्फ बोर्डर, सहायक अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष नारायण महतो, कांग्रेस नेता राज किशोर सिंह, पूर्व मुखिया लालजीत मरांडी, मुखिया बंधन महतो तथा झामुमो नेता शत्रुध्न प्रसाद मंडल सहित कई जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों ने शोक संवेदना प्रकट की है। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह असह्य दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।




