Last Updated on September 2, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। कथित फर्जीवाड़े के गंभीर आरोपों से घिरे राधास्वामी संगठन पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई ओर तेज कर दी है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा की गिरफ्तारी के बाद अब पचम्बा थाना पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क से जुड़े दो और प्रमुख ओहदेदारों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संगठन की जिला प्रभारी अनीशा सिन्हा और विजिलेंस अफसर सुबोध सिंह को दबोच लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, संगठन से जुड़े इन पदाधिकारियों पर कल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न वित्तीय प्रलोभनों के नाम पर आम लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस को काफी समय से इन आरोपियों की तलाश थी।

कल ही प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा को उनके आवास से हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस की सघन पूछताछ जारी थी। जांच के दौरान मिले अहम सुरागों और वित्तीय लेन-देन के तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जिला प्रभारी अनीशा सिन्हा और विजिलेंस अफसर सुबोध सिंह पर शिकंजा कसा।
लगातार हो रही इन बड़ी गिरफ्तारियों से संगठन के प्रशासनिक और विजिलेंस ढांचे में खलबली मच गई है। पचम्बा थाना पुलिस तीनों आरोपियों को हिरासत में रखकर गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फर्जीवाड़े में शामिल अन्य सहयोगियों, बैंक खातों के ब्योरे और ठगी की कुल वास्तविक राशि का पता लगाया जा रहा है। आने वाले दिनों में मामले से जुड़े कुछ और बड़े चेहरों की गिरफ्तारी और खुलासे होने की पूरी संभावना है।




