Last Updated on August 27, 2026 by Gopi Krishna Verma
आसपास ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों की बढ़ी चिंता

गिरिडीह। गिरिडीह कॉलेज के समीप कोरिडीह स्थित एक कार्यालय परिसर में ताला तोड़कर पानी की दो मोटर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। चोरों ने कार्यालय के कमरे का ताला तोड़कर दोनों मोटरें चोरी कर लीं और बोरिंग में लगे पाइप समेत अन्य सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, करण कुमार 25 अगस्त की शाम करीब 3 बजे से रात 8 बजे तक कार्यालय परिसर में मौजूद थे। उस समय तक सब कुछ सामान्य था। 26 अगस्त को शाम करीब 4:30 बजे जब वे कार्यालय पहुंचे, तो कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर पानी की दो मोटरें गायब मिलीं। इसके अलावा बोरिंग के पाइप और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त पाए गए।

पीड़ित (आवेदक) के अनुसार, चोरी और तोड़फोड़ की इस घटना में करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।घटना की सूचना मिलने के बाद बेंगाबाद प्रशासन की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं, करण कुमार ने बेंगाबाद थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने, चोरी हुई मोटरों की बरामदगी तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि आसपास के क्षेत्रों में भी कुछ दिनों पूर्व इसी तरह की चोरी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसी घटनाओं के लगातार होने से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। हालांकि, इन घटनाओं के तार आपस में जुड़े हैं या नहीं, यह पुलिस जांच का विषय है।
अब देखना होगा कि पुलिस जांच में घटना से जुड़े क्या तथ्य सामने आते हैं और चोरी हुई मोटरों की बरामदगी के साथ आरोपियों तक पुलिस कब तक पहुंचती है।




