Last Updated on September 6, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरीडीह। झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास, उच्च व तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के माननीय मंत्री श्री सुदिव्य कुमार के दुखद निधन पर राज्य सरकार ने दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। राजकीय शोक 6 और 7 सितंबर 2026 को रहेगा। इसके साथ ही, 7 सितंबर 2026 को झारखंड सरकार के सभी कार्यालय पूर्णतः बंद रहेंगे।
मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) द्वारा जारी निर्देश (ज्ञाप संख्या- 4/मं०म०स०(नया)-02/ Live?2012-988) के आलोक में 28-धनवार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत ‘मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, 2026’ के तहत 7 सितंबर को होने वाली सभी तरह की सुनवाई को स्थगित कर दिया गया है।

खोरीमहुआ अनुमंडल पदाधिकारी-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकारी कार्यालय बंद रहने के कारण 7 सितंबर को निर्धारित किसी भी सुनवाई का आयोजन नहीं किया जाएगा।
मतदाताओं से अपील:
- स्थल पर न जाएं: संबंधित मतदाताओं से अपील की गई है कि वे 07.09.2026 को किसी भी पंचायत भवन या तय सुनवाई स्थल पर न पहुंचे।
- नई तिथि की सूचना: स्थगित सुनवाई की अगली तारीख तय होते ही संबंधित निर्वाचकों, अधिकारियों, बी.एल.ओ. (BLO) और अन्य कर्मियों को अलग से सूचित किया जाएगा।
- दिशा-निर्देशों का पालन करें: सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि वे आधिकारिक सूचना का इंतजार करें और निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।




