Last Updated on July 6, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं माननीय परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश तथा उपायुक्त रामनिवास यादव के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंडों में निर्धारित तिथियों के अनुसार ड्राइविंग लाइसेंस (नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति) जारी करने हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा वैध एवं सुरक्षित वाहन संचालन को प्रोत्साहित करना है। इसी क्रम में आज जमुआ प्रखंड में ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने के प्रथम चरण अर्थात नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति (लर्निंग लाइसेंस) हेतु आवेदन प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आवेदन किया।

शिविर के दौरान कुल 144 इच्छुक आवेदकों ने नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति (लर्निंग लाइसेंस) के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। सभी आवेदनों की विधिवत जांच एवं आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के उपरांत 112 पात्र आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस जारी किया गया। शेष आवेदनों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को बिना अनावश्यक परेशानी के अपने नजदीक ही ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध हो सके। इससे न केवल लोगों का समय और खर्च बचेगा, बल्कि अधिकाधिक वाहन चालक वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त कर सकेंगे तथा सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील किया कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं। साथ ही सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।




