Last Updated on July 13, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची के शुद्धिकरण, अद्यतन एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 14 जुलाई 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर BLO एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के BLA-2 की द्वितीय बैठक तथा चुनाव पाठशाला का बैठक का आयोजन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO), सभी अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं संबंधित BLO को निर्देश दिया है कि सभी मतदान केंद्रों पर बैठक का आयोजन निर्धारित समय पर सुनिश्चित किया जाए तथा इसकी संपूर्ण कार्यवाही गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न हो।

उपायुक्त ने कहा कि बैठक के दौरान ASDD (Absent, Shifted, Dead & Duplicate) मतदाताओं से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी तथा प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, अपूर्ण गणना प्रपत्रों, नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं के सत्यापन सहित मतदाता सूची के शुद्धिकरण से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि चुनाव पाठशाला के माध्यम से मतदाताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया, नागरिकों की भूमिका एवं निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया जाए, ताकि अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बैठक पूर्णतः निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित की जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर आयोजित बैठक एवं चुनाव पाठशाला की कार्यवाही का विधिवत अभिलेखीकरण किया जाए तथा फोटोग्राफ एवं अन्य आवश्यक विवरण सुरक्षित रखते हुए समय पर उपलब्ध कराया जाए।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के BLA-2, जनप्रतिनिधियों एवं मतदाताओं से अपील की है कि वे बैठक में सक्रिय रूप से भाग लेकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं अधिक पारदर्शी बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।




