Last Updated on August 26, 2026 by Gopi Krishna Verma
गिरिडीह कॉलेज के पास मंगलवार देर शाम हुई सड़क हादसा

गिरिडीह। बेंगाबाद थाना क्षेत्र में गिरिडीह कॉलेज के समीप मंगलवार देर शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल टोटो चालक सुनील पासवान की इलाज के दौरान मौत हो गई। सुनील मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंदन नगर पुलिस लाइन के निवासी थे।
जानकारी के अनुसार, सुनील सोनबाद से सवारी छोड़कर टोटो से गिरिडीह लौट रहे थे। इसी दौरान गिरिडीह कॉलेज के पास तेज रफ्तार चार पहिया वाहन संख्या JH11-AV-0822 ने उनके टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया, लेकिन धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंचे। मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी और छह साल की पुत्री छोड़ गए हैं।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर बेंगाबाद थाना भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुटी है। मामले की जांच जारी है।




