Last Updated on August 25, 2026 by Gopi Krishna Verma

नवडीहा। जमुआ अंचल-2 अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय ढाकीटांड़ में विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन मंगलवार को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुआ। पुनर्गठन की प्रक्रिया पर्यवेक्षक रंजीत कुमार ठाकुर एवं विद्यालय के सचिव सुरेश कुमार वर्मा की उपस्थिति में कराई गई। सर्वसम्मति से चंद्रभूषण को समिति का अध्यक्ष, सोनी देवी को उपाध्यक्ष तथा निकी देवी को संयोजिका चुना गया। वहीं सदस्य के रूप में वीरेंद्र सिंह, धीरज कुमार सिंह, रामचंद्र राम, आरती देवी एवं मीना देवी का चयन किया गया।

पुनर्गठन के दौरान विद्यालय से जुड़े अभिभावकों एवं अन्य सदस्यों ने सहभागिता निभाई। पर्यवेक्षक रंजीत कुमार ठाकुर ने समिति के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों के हित में मिलजुलकर कार्य करने की अपील की। समिति के गठन के बाद विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था, बच्चों की सुविधाओं और विद्यालय के विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई गई।




