Last Updated on September 17, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र से एक पुलिसकर्मी को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, मधुबन थाना क्षेत्र में एक स्कार्पियो दुर्घटना का मामला सामने आया था। इस मामले में सनहा (Station Diary Entry) दर्ज करने के एवज में मधुबन थाना प्रभारी दीपेश कुमार द्वारा पीड़ित पक्ष से 5,000 रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी।

पीड़ित पक्ष रिश्वत देने के बजाय इसके खिलाफ ACB (एंटी करप्शन ब्यूरो) के पास पहुंच गया और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने मामले का सत्यापन किया और आरोप सही पाए जाने पर आरोपी पुलिसकर्मियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
रंगे हाथों हुआ गिरफ्तार
योजना के मुताबिक, जैसे ही थाना प्रभारी दीपेश कुमार के निर्देश पर पुलिसकर्मी बिक्रम कुमार ने शिकायतकर्ता से रिश्वत के 5,000 रुपये स्वीकार किए, पहले से घात लगाकर बैठी ACB की टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा।
फिलहाल ACB की टीम गिरफ्तार पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ में जुटी हुई है। इस घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।




