गिरिडीह: पचम्बा में डबल मर्डर का आरोपी जामताड़ा से गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद

0

Last Updated on November 24, 2026 by Gopi Krishna Verma

प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, तकनीकी शाखा की मदद और विशेष छापामारी दल की त्वरित कार्रवाई से 24 घंटे के भीतर पुलिस को मिली सफलता

गिरिडीह। पचम्बा थाना क्षेत्र के खावा (खाबा) गांव में एक ही परिवार के दो सदस्यों की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जामताड़ा जिले के करमाटॉड से हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य सामान भी बरामद कर लिए गए हैं।

सुबह 4:35 बजे मिली थी हत्या की सूचना

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 की सुबह करीब 04:35 बजे पचम्बा थाना क्षेत्र के खावा गांव में एक महिला और एक पुरुष की हत्या किए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पचम्बा थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, जहां घर के बाहर दोनों शव पड़े मिले।

मृतकों की पहचान शीला देवी (पति- जीतेन्द्र मंडल) और उनके ससुर सुकर मंडल (पिता- द्वारिका मंडल) के रूप में हुई। दोनों मृतक खावा (खाबा) गांव, थाना पचम्बा, जिला गिरिडीह के निवासी थे।

गांव के ही व्यक्ति पर लगा हत्या का आरोप, प्राथमिकी दर्ज

प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर यह बात सामने आई कि इस दोहरे हत्याकांड को गांव के ही बासुदेव मंडल (पिता- बद्री मंडल, साकिन- खावा, थाना पचम्बा) ने अंजाम दिया है और वारदात के बाद से वह फरार चल रहा था।

इस घटना को लेकर मृतका के पति जीतेन्द्र मंडल के लिखित आवेदन के आधार पर पचम्बा थाना में कांड संख्या- 120/2026 (दिनांक- 23.11.2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई।

जामताड़ा के करमाटॉड से पकड़ा गया आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह के निर्देश पर फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय द्वितीय), गिरिडीह के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

टीम ने तकनीकी शाखा के सहयोग से तेजी से कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी बासुदेव मंडल को जामताड़ा जिले के करमाटॉड से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामान जब्त

आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से कुछ दूरी पर छिपाकर रखे गए हत्या में इस्तेमाल सामान को पुलिस ने बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:

  • बासुदेव मंडल (उम्र करीब 38 वर्ष), पिता- बद्री मंडल, साकिन- खावा, थाना- पचम्बा, जिला- गिरिडीह।

जब्त सामानों की विवरणी:

  • खून लगा एक बड़ा टांगी
  • एक छोटा टांगी
  • एक छेनी
  • एक जोड़ा चप्पल

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed