इंडियन ऑयल में 409 अप्रेंटिस पदों पर निकली बहाली, 12 दिसंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
Last Updated on November 24, 2026 by Gopi Krishna Verma
झारखंड समेत पूर्वी क्षेत्र के कई राज्यों के युवाओं को मिलेगा अवसर, टेक्नीशियन, ग्रेजुएट और ट्रेड अप्रेंटिस के पदों पर होगी नियुक्ति

रोजगार डेस्क। सरकारी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप का अवसर प्रदान किया है। कंपनी के विपणन प्रभाग के पूर्वी क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से अप्रेंटिस अधिनियम, 1961 के तहत कुल 409 अप्रेंटिस पदों पर नियुक्ति के लिए अधिसूचना जारी की गई है। इसमें झारखंड समेत पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, असम, सिक्किम और पूर्वोत्तर के कई राज्यों के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।

टेक्निकल और नॉन-टेक्निकल दोनों श्रेणियों में अवसर
जारी विज्ञापन के अनुसार, टेक्नीशियन अप्रेंटिस, ग्रेजुएट अप्रेंटिस और ट्रेड अप्रेंटिस के पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसमें तकनीकी एवं गैर-तकनीकी दोनों प्रकार के अप्रेंटिस शामिल हैं। विभिन्न पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, छूट और अन्य पात्रता संबंधी शर्तों का विस्तृत विवरण इंडियन ऑयल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।

13 नवंबर से शुरू हुआ आवेदन, 12 दिसंबर अंतिम तिथि
इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी 13 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 12 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।

डिप्लोमा और स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को NATS पोर्टल के माध्यम से तथा आईटीआई और अधिसूचना में निर्धारित अन्य पात्रता वाले अभ्यर्थियों को NAPS पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन से पहले संबंधित पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है।

आधिकारिक वेबसाइट पर मिलेगी पूरी जानकारी
अभ्यर्थी पदवार योग्यता, आयु सीमा, स्टाइपेंड, आरक्षण और अन्य शर्तों की जानकारी इंडियन ऑयल की आधिकारिक वेबसाइट www.iocl.com अथवा https://iocl.com/apprenticeships पर प्राप्त कर सकते हैं।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के आधार पर नियमित रोजगार देने की कोई बाध्यता नहीं होगी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अप्रेंटिस को कंपनी में स्थायी नौकरी का दावा करने का अधिकार भी नहीं होगा।
ऐसे में तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक युवाओं के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है।
