68 वाहनों से ₹82,400 जुर्माना वसूली
Last Updated on May 14, 2026 by Gopi Krishna Verma
सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, यातायात नियम तोड़ने वालों पर प्रशासन सख्त

गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार आज जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड टोल गेट के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच अभियान के दौरान बिना वैध दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस, बीमा, हेलमेट एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 68 वाहनों की जांच कर नियम उल्लंघन के मामलों में कुल 82,400 रुपए का जुर्माना वसूला गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

अभियान के दौरान उन्होंने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरलोडिंग नहीं करने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने के संबंध में जागरूक भी किया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से समझौता करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमित रूप से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
