डुमरी रेफरल अस्पताल में नवजात की मौत के बाद बवाल, ऑक्सीजन पाइप की कमी पर उठे सवाल

0

Last Updated on November 27, 2026 by Gopi Krishna Verma

रेफर के वक्त निजी एंबुलेंस में ऑक्सीजन पाइप न होने के आरोपों से गहराया विवाद; प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा

गिरिडीह। डुमरी रेफरल अस्पताल में शुक्रवार को एक नवजात बच्ची की मौत के बाद उपजे तनाव ने हंगामे और तोड़फोड़ का रूप ले लिया. घटना के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और आक्रोशित परिजनों पर काउंटर में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाने का आरोप लगा. इस पूरे घटनाक्रम को लेकर परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं.

रात में बिगड़ी हालत, रेफर के दौरान पाइप न मिलने का दावा

जानकारी के अनुसार, डुमरी के मधगोपाली निवासी सुभाष कुमार साव की पत्नी ने गुरुवार दोपहर करीब 3:45 बजे रेफरल अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया था. जन्म के बाद बच्ची की स्थिति सामान्य बताई जा रही थी, लेकिन गुरुवार देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बच्ची को बाहर रेफर कर दिया.

परिजनों का कहना है कि बच्ची को दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए निजी एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी, लेकिन एंबुलेंस में ऑक्सीजन पाइप मौजूद नहीं था. परिजनों का आरोप है कि उन्होंने रेफरल अस्पताल के कर्मियों से ऑक्सीजन पाइप उपलब्ध कराने की मांग की, मगर कर्मियों ने पाइप देने से इनकार कर दिया. इसी बीच बच्ची की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों का आक्रोश भड़क उठा और अस्पताल में तोड़फोड़ की गई.

पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने संभाला मोर्चा

हंगामे की सूचना मिलते ही डुमरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने परिजनों को आश्वस्त किया है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों से जानकारी ली जाएगी और लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

वहीं, रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कामेश्वर महतो ने भी घटना को गंभीर बताते हुए कार्रवाई का भरोसा दिलाया है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी स्वास्थ्यकर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ अपने स्तर से कार्रवाई करने के साथ-साथ जिला स्तर पर वरीय अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजी जाएगी।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *