भगवान बिरसा मुंडा जयंती व स्थापना दिवस पखवाड़ा पर साइकिलिंग रैली, झंडा मैदान से उसरी वाटरफॉल तक दौड़ी साइकिलें

0

Last Updated on November 27, 2026 by Gopi Krishna Verma

उपायुक्त रामनिवास यादव, एसपी डॉ. विमल कुमार और डीएफओ मनीष तिवारी के नेतृत्व में अधिकारियों व कर्मियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

गिरिडीह। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा साइकिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह रैली झंडा मैदान से शुरू होकर उसरी वाटरफॉल तक निकाली गई। कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार तथा पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों ने उत्साह के साथ साइकिल चलाई।

इस पहल के जरिए लोगों को दैनिक जीवन में साइकिल के इस्तेमाल और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों और कर्मियों ने साइकिलिंग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा राज्य के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण तथा समाज के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

उपायुक्त ने आगे कहा कि साइकिलिंग सेहत के लिए फायदेमंद होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक प्रभावी कदम है। मौजूदा समय में प्रदूषण की चुनौती को देखते हुए साइकिल जैसे साधनों को अपनाना आवश्यक है, जिससे आम लोगों को स्वस्थ और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।

कार्यक्रम में शामिल पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता के महत्व पर जोर दिया। वहीं, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी ने प्रकृति और वन संपदा की रक्षा के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उसरी वाटरफॉल जैसे प्राकृतिक स्थल तक आयोजित इस साइकिलिंग रैली ने जिले की प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के महत्व को भी सामने रखा।

जिला प्रशासन के अनुसार, इस कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के दौरान जनभागीदारी बढ़ाना, सेहत के प्रति जागरूकता फैलाना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना रहा।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *