घरेलू कलह ने ली जान: गिरिडीह में महिला ने कुएं में लगाई छलांग, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

0

Last Updated on October 27, 2026 by Gopi Krishna Verma

आपसी विवाद के बाद गुस्से में घर से निकली थी महिला, ग्रामीणों के देखते ही उठाया खौफनाक कदम

गिरिडीह। बेंगाबाद थाना क्षेत्र के छोटकी खरगडीहा पंचायत अंतर्गत हरखुडीह कॉलोनी में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। घरेलू विवाद से उपजे गुस्से के बाद 30 वर्षीय ललिता देवी ने कुएं में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका के पति का नाम जानकी साव है और उनकी एक बेटी है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

विवाद के बाद अचानक उठाया कदम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे मृतका का अपनी गोतनी के साथ किसी बात को लेकर घरेलू विवाद हुआ था। विवाद के बाद वह गुस्से में अपना बैग लेकर घर से निकल गई। रास्ते में कुछ ग्रामीणों की नजर जब उस पर पड़ी, तो उन्होंने उसे रोककर बैठने और शांत होने की सलाह दी। लेकिन, इसी दौरान महिला अचानक उठी और दौड़ते हुए घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित एक कुएं के पास पहुंची और उसमें छलांग लगा दी।

ग्रामीणों और परिजनों ने तुरंत कुएं के पास पहुंचकर उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा

घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना इंस्पेक्टर बमबम सिंह, एसआई विजय मंडल, निवर्तमान मुखिया महेंद्र प्रसाद वर्मा और वार्ड सदस्य सुभाष राणा दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है।

मायके पक्ष ने दर्ज कराई शिकायत

पुलिस इंस्पेक्टर बमबम कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए दो लोगों को नामजद करते हुए पुलिस को लिखित आवेदन दिया है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed