डीसी ने केशवारी-दलांगी पुल निर्माण स्थल का किया निरीक्षण, सीमांकन कार्य भी का लिया जायजा

0

Last Updated on May 21, 2026 by Gopi Krishna Verma

नक्शा एवं गुनिया की सहायता से पुल निर्माण हेतु भूमि का कराया गया सीमांकन, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

गिरिडीह। डीसी रामनिवास यादव ने गुरुवार को अहले सुबह सरिया प्रखंड के केशवारी तथा बिरनी प्रखंड के दलांगी गांव को जोड़ने वाले प्रस्तावित पुल निर्माण स्थल एवं आसपास के क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ स्थल का बारीकी से अवलोकन करते हुए पुल निर्माण की संभावनाओं, पहुंच मार्ग तथा भू-भाग की स्थिति की जानकारी ली।

मौके पर नक्शा एवं गुनिया की सहायता से पुल निर्माण हेतु चयनित भूमि का सीमांकन कार्य भी कराया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सीमांकन कार्य पूरी पारदर्शिता एवं सटीकता के साथ सुनिश्चित किया जाए ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण साबित होगा तथा दोनों प्रखंडों के बीच संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अभियंताओं से पुल निर्माण की प्रारंभिक रूपरेखा, तकनीकी पहलुओं एवं आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने कहा कि पुल निर्माण होने से स्थानीय ग्रामीणों को वर्षा ऋतु में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य से पूर्व सभी आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों से समन्वय बनाकर कार्यों को आगे बढ़ाने का निर्देश भी दिया गया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी बगोदर सरिया संतोष गुप्ता, अंचलाधिकारी सरिया, अंचलाधिकारी बिरनी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सरिया, संबंधित विभाग के अधिकारी, अभियंता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *