Last Updated on October 13, 2026 by Gopi Krishna Verma
स्कॉर्पियो से चोरी करने पहुंचे थे चार बदमाश; दो गिरफ्तार, दो गाड़ी लेकर फरार

गिरिडीह। बेंगाबाद थाना क्षेत्र के घुठिया गांव में ग्रामीणों ने चोरी की एक बड़ी वारदात को नाकाम करते हुए स्कॉर्पियो सवार दो चोरों को रंगे हाथ धर दबोचा। आरोपी एक ग्रामीण के घर से खस्सी-बकरा चुराकर भागने की फिराक में थे। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों चोरों को बिजली के पोल से बांध दिया और घंटों तक बंधक बनाए रखा।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों का यह गिरोह स्कॉर्पियो वाहन से चोरी की नीयत से घुठिया गांव पहुंचा था। ग्रामीणों की सतर्कता के कारण दो चोर पकड़े गए, जबकि उनके दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर स्कॉर्पियो लेकर भागने में सफल रहे। पकड़े गए आरोपियों में एक तेलोडीह और दूसरा दामोदरडीह गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में पिछले कुछ दिनों से लगातार बकरे और खस्सी चोरी होने की घटनाएं हो रही थीं, जिससे पालतू पशुपालकों में काफी दहशत थी। इस ताजा घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस फरार बदमाशों और स्कॉर्पियो की तलाश में जुट गई है।




