जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं चौक-चौराहों पर पियाऊ की कि जा रही व्यवस्था

0

Last Updated on May 25, 2026 by Gopi Krishna Verma

मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव के निर्देश पर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, आमजन को राहत पहुंचाने हेतु व्यापक व्यवस्था शुरू

एक नज़र:

  • भीषण गर्मी से राहत हेतु वैकल्पिक जलापूर्ति, चापाकलों एवं जलमीनारों की मरम्मत कार्य तेज
  • आम नागरिकों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता: उपायुक्त

गिरिडीह। झारखंड राज्य में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी एवं बढ़ते तापमान को देखते हुए माननीय मुख्यमंत्री, श्री हेमंत सोरेन एवं मुख्य सचिव, झारखंड सरकार के निर्देश के आलोक में गिरिडीह जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय एवं सतर्क है।

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने जिले के सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों,अंचल अधिकारियों, नगर निकाय पदाधिकारियों एवं पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के अधिकारियों को आमजन को राहत पहुंचाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि भीषण गर्मी को देखते हुए जिले के सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके तहत सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, बाजार क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं अधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पियाऊ की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में भी आम नागरिकों एवं राहगीरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पियाऊ उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि लोगों को भीषण गर्मी के दौरान राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जहां भी पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है, वहां तत्काल टैंकरों अथवा अन्य वैकल्पिक माध्यमों से जलापूर्ति की व्यवस्था की जाए। इसके अतिरिक्त खराब पड़े चापाकलों, जलमीनारों एवं अन्य पेयजल संरचनाओं की मरम्मत युद्धस्तर पर कराने का निर्देश भी दिया गया है। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी क्षेत्र में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए।

उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन आम नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकता अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान सावधानी बरतें, आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें तथा अधिक से अधिक पानी का सेवन करें। प्रशासन द्वारा आमजन को राहत पहुंचाने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *