Last Updated on August 26, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। ईद-ए-मिलाद-उन्नबी पर्व की तैयारियों के बीच मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नीचे पहाड़ी गांव में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर पर्व का झंडा लगाने के दौरान 19 वर्षीय सब्बीर अंसारी हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर छत पर गिर पड़ा। परिजन और आसपास के लोगों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि सब्बीर की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है। ऐसे में युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


छत के ऊपर से गुजरा है हाई वोल्टेज तार
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस मकान की छत पर सब्बीर झंडा लगाने गया था, उसके ऊपर से हाई वोल्टेज बिजली का तार गुजर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह घरों की छत के बेहद करीब से गुजर रहे बिजली तारों से लगातार खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से ऐसे इलाकों का निरीक्षण कर घरों के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तारों की स्थिति की जांच कराने और सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।




