गिरिडीह में नौकरी का बड़ा मौका! 21 कंपनियां लेकर आ रहीं रोजगार, 8वीं पास से ग्रेजुएट तक के लिए खुलेंगे अवसर
Last Updated on November 2, 2026 by Gopi Krishna Verma
4 नवंबर को बिरसा भवन में लगेगा रोजगार मेला, जानिए किन पदों पर होगी बहाली और कितनी मिलेगी सैलरी

गिरिडीह। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। गिरिडीह में एक बार फिर रोजगार का अवसर मिलने जा रहा है। जिला नियोजनालय की ओर से 4 नवंबर को बिरसा भवन, गिरिडीह में रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इसमें निजी क्षेत्र की 21 कंपनियां विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। खास बात यह है कि इस रोजगार मेले में आठवीं और दसवीं पास से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक योग्यताधारी युवाओं के लिए भी अवसर उपलब्ध होंगे।
झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से जारी रिक्ति सूचना के अनुसार रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा। इसमें तकनीकी, औद्योगिक, वित्तीय, सुरक्षा, शिक्षा और प्रशिक्षण क्षेत्र से जुड़ी कंपनियां शामिल होंगी।

कहीं वॉशिंग हेल्पर तो कहीं इंजीनियरिंग और मैनेजर के पद
रोजगार मेले में VERDE ECO TEX RECYCLING, बालमुकुंद स्पॉन्ज एंड आयरन, श्री लंगटा बाबा स्टील्स, सालूजा स्टील एंड पावर, एसबीएस एब्रेसिव, भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन, SIS, बिरसा सुपर सिक्योरिटी सॉल्यूशन, रेड गार्ड्स कंसल्टेंट, लार्सन एंड टुब्रो समेत कई कंपनियां भाग लेंगी।
रिक्त पदों में वॉशिंग हेल्पर, इलेक्ट्रिकल, डेंटिंग, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, क्वालिटी कंट्रोल, अकाउंटेंट, मैनेजर, कस्टमर रिटेंशन ऑफिसर, सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, शिक्षक, ट्रेनर, फील्ड टेक्नीशियन और ट्रेनी जैसे पद शामिल हैं।

8 हजार से लेकर 35 हजार रुपये से अधिक तक वेतन का अवसर
जारी सूची में विभिन्न पदों के लिए वेतनमान अलग-अलग निर्धारित किया गया है। कई पदों पर 8 हजार से 20 हजार रुपये तक मासिक वेतन का उल्लेख है, जबकि कुछ तकनीकी और विशेष पदों पर 25 हजार से 35,595 रुपये तक वेतन अथवा इंटरव्यू के आधार पर भुगतान का प्रावधान है। कुछ कंपनियों में फ्रेशर अभ्यर्थियों को भी मौका दिया जाएगा, जबकि कई पदों पर अनुभव की मांग की गई है।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए यह है जरूरी
जिला नियोजनालय की सूचना के अनुसार रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों का झारखंड के किसी भी नियोजनालय में निबंधित होना अनिवार्य है। जिनका निबंधन नहीं हुआ है, वे रोजगार मेले से पहले स्थानीय नियोजनालय अथवा आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से निबंधन करा सकते हैं।

अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, आवासीय प्रमाण-पत्र, अनुभव प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), नियोजनालय निबंधन कार्ड तथा चार फोटो के साथ निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना होगा।
निबंधन पोर्टल: https://jharniyojan.jharkhand.gov.in
तिथि: 4 नवंबर 2026
समय: सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक
स्थान: बिरसा भवन, गिरिडीह
जिला नियोजन पदाधिकारी की ओर से जारी सूचना में स्पष्ट किया गया है कि रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। निजी क्षेत्र की कंपनियों में चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति संबंधित कंपनियों की शर्तों के अनुसार होगी।
