Last Updated on January 6, 2024 by Gopi Krishna Verma
साक्ष्य छुपाने के नियत से दो अपराधियों ने कुएं में फेंका मोबाइल, कुआं सुखा मोबाइल जब्त

गिरिडीह। गिरिडीह साइबर पुलिस ने प्रतिबिंब एप के माध्यम से शुक्रवार को 07 साइबर अपराधियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। इनमें पांच काफी शातिर हैं। पुलिस को इन्हें दबोचने के लिए जंगलों की खाक छाननी पड़ रही थी; क्योंकि दबिश के कारण इन लोगों ने जिला छोड़ स्थानों पर ठिकाना बनाया था। ये लोग जंगलों में बैठकर अपराध करते थे। पुलिस को जानकारी हुई तो मुखबिरों को अलर्ट किया। उनसे जो सूचना मिली उसके आधार पर छापेमारी की गई।
इन अपराधियों को किया गया गिरफ्तार:
गिरफ़्तार अपराधियों में गांडेय थाना क्षेत्र के गादी का लक्ष्मण मंडल, दिनेश मंडल, मिनेश मंडल, जामताड़ा जिले के नारायणपुर का बलराम मंडल, प्रकाश मोहली, बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गेनरो का जागेश्वर साव और बेंगाबाद क्षेत्र का गादी का मनीषी कुमार मंडल शामिल हैं।
इन साइबर इंजीनियरों के पास से पुलिस ने 16 मोबाइल फोन, 16 सिम कार्ड, 5 एटीएम कार्ड, दो पासबुक, दो क्यूआर कोड, एक बजाज पल्सर बाइक और एक मारुति सुजुकी एक्सएल 6 लेटेस्ट मॉडल की कार बरामद की है।

साक्ष्य छुपाने के नियत से कुएं में फेंका मोबाइल: प्रतिबिम्ब एप के माध्यम से गिरिडीह एसपी को साइबर अपराधियों के संदर्भ में सूचना मिली थी। सूचना पर एक टीम गठित किया गया। डीएसपी संदीप सुमन के नेतृत्व में टीम गिरिडीह-जामताड़ा बॉर्डर पर पहुंची। यहां अहिल्यापुर थाना प्रभारी अमरजीत सिंह भी टीम में शामिल हुए। सटीक सूचना पर शाम लगभग चार बजे पुलिस उन अपराधियों तक जा पहुंची जो साइबर अपराध में लिप्त थे। डीएसपी संदीप की टीम ने दो अपराधियों को घेर लिया।

पुलिस ने जब चारों तरफ से घेर लिया तो दोनों अपराधी भागने लगे। भागने के क्रम में इन्हें लगा कि वे दबोचे जायेंगे। ऐसे में दोनों अपराधियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए दो मोबाइल को कुएं में फेंक दिया। मोबाइल फेंकते दोनों को पुलिस ने रंगे हाथ दबोच भी लिया। इसके बाद इसकी सूचना एसपी को दी गई। एसपी दीपक कुमार के निर्देश पर पहले एक पम्प फिर एक घंटे के बाद दूसरा पंप तो कुछ देर बाद तीसरा पंप लगाकर कुएं के पानी को सुखाया गया और अंततः दोनों मोबाइल को जब्त किया गया।
साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार चल रहा अभियान: एसपी
दोनों युवकों को हिरासत में लेने के बाद गिरिडीह एसपी की टीम जामताड़ा से सटे गिरिडीह जिले के कई इलाके में छापेमारी कर रही है। पुलिस इस इलाके में सक्रिय अन्य अपराधियों को खोज रही है। इस विषय पर एसपी दीपक कुमार शर्मा ने कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चल रहा है। इस बार अपराधियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए मोबाइल को कुएं में फेंक दिया था जिसे बरामद कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।




