गिरिडीह में जिला पर्यावरण समिति की बैठक: औद्योगिक प्रदूषण, उसरी नदी संरक्षण और कचरा निस्तारण पर सख्त निर्देश
Last Updated on November 27, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में आज डीआरडीए सभागार में जिला पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण, औद्योगिक कचरे के निस्तारण, पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन और पूर्व के निर्देशों के कार्यान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीरता व संवेदनशीलता के साथ काम करने और नियमों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

औद्योगिक कचरा निस्तारण और जांच के निर्देश
बैठक में विभिन्न औद्योगिक संस्थानों द्वारा उत्सर्जित कचरे के उचित निस्तारण की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह को संबंधित औद्योगिक संस्थानों का निरीक्षण कर कचरा निस्तारण व्यवस्था का जायजा लेने और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही कचरा निस्तारण के लिए अनुमान तैयार कर प्रतिवेदन समर्पित करने तथा पूर्व के निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा हुई। उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह और क्षेत्रीय अधिकारी, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद, धनबाद को संयुक्त रूप से संबंधित औद्योगिक संस्थानों की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।

उसरी नदी के प्रदूषण नियंत्रण पर विशेष जोर
बैठक में उसरी नदी में औद्योगिक कचरे के निस्तारण से जुड़े मामलों पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नदी में प्रदूषण रोकने और कचरे के उचित निस्तारण के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय संतुलन और जल स्रोतों के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ग्रामीणों की शिकायतों पर जांच के निर्देश
बैठक के दौरान औद्योगिक संस्थानों के आसपास रहने वाले ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। ग्रामीणों ने औद्योगिक गतिविधियों से होने वाले प्रदूषण और परेशानियों से समिति को अवगत कराया, वहीं समिति के सदस्यों व आमजनों से भी सुझाव लिए गए। शिकायतों के क्रम में ग्रामीणों ने अतिवीर और वेंकटेश औद्योगिक संस्थानों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए ईएसपी (ESP) इंस्टॉलेशन से जुड़ी समस्याएं तथा उनसे होने वाले प्रदूषण की शिकायत की। इस पर उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह और क्षेत्रीय अधिकारी, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद, धनबाद को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन और जन शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

अस्पतालों के पर्यावरणीय अनुपालन की समीक्षा
जिले के अस्पतालों द्वारा प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित आवश्यक सहमति प्राप्त करने की स्थिति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि अब तक कुल 27 अस्पतालों को संचालन की सहमति (Consent to Operate – CTO) मिल चुकी है, जबकि शेष अस्पतालों की प्रक्रिया जारी है। उपायुक्त ने सभी संबंधित अस्पतालों को यह प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया।
जल स्रोतों और हेवी मेटल्स की जांच के निर्देश
बैठक में लंगटा बाबा तालाब के पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसके अलावा पूर्व की बैठक के निर्देशों के आलोक में संबंधित क्षेत्रों की जल गुणवत्ता और हेवी मेटल्स की जांच से जुड़ी रिपोर्ट की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने और आगामी बैठक से पहले आवश्यक कार्रवाई पूरी करने को कहा।

पौधरोपण और श्रमिकों की सुरक्षा पर भी फोकस
उपायुक्त ने जिले में पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा विभागों और औद्योगिक संस्थानों को हरित क्षेत्र बढ़ाने की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया। साथ ही औद्योगिक संस्थानों में कार्यरत मजदूरों व श्रमिकों की सुरक्षा की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि सभी संस्थान कर्मियों को आवश्यक सुरक्षा किट उपलब्ध करा रहे हैं या नहीं। इस संबंध में जांच कर सुरक्षा व स्वास्थ्य मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, नगर आयुक्त (नगर निगम गिरिडीह), अनुमंडल पदाधिकारी (गिरिडीह), सहायक समाहर्ता सहित समिति के सदस्य और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
