डोमापहाड़ी में संविधान दिवस पर विशेष कार्यक्रम, 70 से अधिक किशोर-किशोरियों ने लिया भाग

0

Last Updated on November 26, 2026 by Gopi Krishna Verma

प्रश्नोत्तरी के जरिए बच्चों को मिली संविधान की जानकारी, ड्राइंग प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण अब 27 नवंबर को

गिरिडीह। सोनबाद पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय, डोमापहाड़ी में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। समता फेलो नवीन कुमार उर्फ नवीन राज टाइगर की पहल पर हुए इस आयोजन में चार किशोर-किशोरी संगठनों के 70 से अधिक किशोर-किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। किशोर-किशोरियों ने भी अपने विचार साझा किए और संवैधानिक मूल्यों, समानता, शिक्षा तथा सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर अपनी समझ रखी।

40 प्रश्नों की प्रश्नोत्तरी, सही जवाब देने वालों को मिला प्रोत्साहन

कार्यक्रम में बच्चों के बीच संविधान से संबंधित 40 प्रश्न पूछे गए। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाले किशोर-किशोरियों को कलम देकर प्रोत्साहित किया गया। आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य बच्चों को संविधान के प्रति जागरूक करना और उनमें इसकी व्यावहारिक समझ विकसित करना है।

27 नवंबर को होगा ड्राइंग प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, समता फेलो नवीन कुमार उर्फ नवीन राज टाइगर समेत अन्य लोग मौजूद रहे। जानकारी दी गई कि 23 नवंबर को आयोजित ‘शिक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण’ विषय पर आधारित ड्राइंग प्रतियोगिता के विजेताओं को पहले 26 नवंबर को पुरस्कृत किया जाना था, लेकिन अब पुरस्कार वितरण की तिथि बदलकर 27 नवंबर 2026 कर दी गई है। इस दिन प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *