खोरीमहुआ: वाहन की चपेट में आने से चालक की मौत

0

Last Updated on November 25, 2026 by Gopi Krishna Verma

परिवार की एकमात्र कमाई का सहारा था विकास, शव पहुंचते ही खोरीमहुआ में फूटा गुस्सा; मुख्य मार्ग ठप

जमुआ। जमुआ-कोडरमा मुख्य मार्ग पर हुए सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। इलाज के दौरान बस चालक विकास तिवारी की मौत के बाद मंगलवार शाम जैसे ही उसका शव खोरीमहुआ पहुंचा, परिजनों और स्थानीय लोगों का सब्र जवाब दे गया। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शाम करीब 4 बजे खोरीमहुआ चौक को जाम कर दिया, जिससे मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

बस खड़ी कर घर लौटते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हीरोडीह थाना क्षेत्र के करिहारी निवासी विकास तिवारी (35), पिता अयोध्या तिवारी, त्रिमूर्ति बस का संचालन करते थे। सोमवार देर शाम वे खोरीमहुआ पेट्रोल पंप के पास बस खड़ी करने के बाद अपने घर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल राजधनवार ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची (रिम्स) रेफर कर दिया। हालांकि, रिम्स में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, उठी न्याय की मांग

विकास तिवारी अपने घर के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके असमय निधन से माता-पिता, छोटा भाई, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी बेसहारा हो गए हैं। शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और फरार वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग करते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed