झारखंड के दो जिलों से गुजरेगी 180 किलोमीटर लंबी बिजली ट्रांसमिशन लाइन, कंपनी ने जारी की सार्वजनिक सूचना
Last Updated on November 24, 2026 by Gopi Krishna Verma
जमशेदपुर से बालासोर तक बिछेगी 400 केवी डबल सर्किट लाइन, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम के गांव होंगे प्रभावित; आम लोगों को आपत्ति दर्ज कराने के लिए मिला दो महीने का समय

रांची/झारखंड। झारखंड में बिजली ट्रांसमिशन व्यवस्था के विस्तार की दिशा में एक बड़ी परियोजना को लेकर सार्वजनिक सूचना जारी की गई है। मेसर्स डब्ल्यूआर ईआर पार्ट सी पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड ने जमशेदपुर (नया) से ओडिशा के बालासोर तक 400 केवी डीसी (क्वाड) ट्रांसमिशन लाइन बिछाने की योजना की जानकारी सार्वजनिक की है। प्रस्तावित लाइन की लंबाई लगभग 180 किलोमीटर होगी।

यह कंपनी एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। कंपनी की ओर से जारी सूचना के अनुसार, यह परियोजना डब्ल्यूआर-ईआर अंतर-क्षेत्रीय नेटवर्क विस्तार योजना के भाग-सी के तहत प्रस्तावित है। इसके अंतर्गत जमशेदपुर में 765/400 केवी आईएसटीएस सबस्टेशन के विस्तार का कार्य भी शामिल है।

सरायकेला और पूर्वी सिंहभूम के गांवों से गुजरेगी लाइन
जारी सार्वजनिक सूचना में झारखंड के दो जिलों के विभिन्न गांवों और क्षेत्रों का उल्लेख किया गया है। इनमें सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया, गोविंदपुर, सरायकेला सहित संबंधित क्षेत्रों तथा पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया, गुड़ाबांदा और पोटका प्रखंड के गांव शामिल हैं।

कंपनी के अनुसार, प्रस्तावित ट्रांसमिशन लाइन इन क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इसके लिए सर्वेक्षण, निर्माण, स्थापना, निरीक्षण, मरम्मत और रखरखाव सहित अन्य कार्य किए जाने हैं।
बिजली अधिनियम की धारा 164 के तहत मांगा जाएगा अधिकार
सार्वजनिक सूचना में बताया गया है कि कंपनी विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 164 के तहत केंद्र सरकार से अधिकार प्राप्त करने की प्रक्रिया में है। इसके तहत ट्रांसमिशन लाइन के निर्माण और संचालन के लिए टेलीग्राफ प्राधिकरण जैसी शक्तियां प्रदान किए जाने का प्रावधान है।

कंपनी ने यह भी उल्लेख किया है कि परियोजना को विद्युत मंत्रालय के माध्यम से धारा 68 (1) के तहत 24 मार्च 2026 को पत्र संख्या 25-17/44/2026-पावर ग्रिड (एमओपी) के जरिए पहले ही अनुमोदन मिल चुका है।
आम लोगों को आपत्ति दर्ज कराने का मौका
सार्वजनिक सूचना में प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को विशेष अवसर दिया गया है। इसके अनुसार, सूचना प्रकाशित होने की तारीख से दो महीने के भीतर आम नागरिक प्रस्तावित ट्रांसमिशन सिस्टम को लेकर अपनी आपत्ति या अभ्यावेदन लिखित रूप में अधोहस्ताक्षरी के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।

अधिक जानकारी के लिए कंपनी ने संपर्क व्यक्ति के रूप में कैलाश चंद्र गुप्ता का नाम जारी किया है। मोबाइल नंबर 9772206237 और ईमेल wrerpartc@hginfra.com पर संपर्क किया जा सकता है।
कंपनी का कार्यालय: पांचवीं मंजिल, पुंज एसन हाउस, 17-18, नेहरू प्लेस, नई दिल्ली-110019।
इस परियोजना के लागू होने से झारखंड और ओडिशा के बीच अंतर-क्षेत्रीय बिजली पारेषण नेटवर्क के विस्तार की योजना है।
