बंद तिजोरी खुलने की उत्सुकता और यूनिवर्सिटी की सौगात के बीच याद किए गए सर जेसी बोस

0

Last Updated on November 23, 2026 by Gopi Krishna Verma

बंद तिजोरी खुलने की उत्सुकता और यूनिवर्सिटी की सौगात के बीच याद किए गए सर जेसी बोस

गिरिडीह। महान वैज्ञानिक आचार्य जगदीश चंद्र बसु की 89वीं पुण्यतिथि के मौके पर गिरिडीह में जहां एक ओर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई, वहीं दूसरी ओर उनकी बंद तिजोरी को लेकर लोगों में बढ़ती उत्सुकता और प्रस्तावित विश्वविद्यालय की योजनाओं पर भी चर्चा रही। सर जेसी बोस मेमोरियल सोसायटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

तिजोरी के राज पर टिकी निगाहें

पुण्यतिथि कार्यक्रम के दौरान झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने आचार्य बसु से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में माननीय उच्च न्यायालय ने उनकी बंद तिजोरी को खोलने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि इस आदेश के बाद से ही लोगों के बीच यह जानने की खासी उत्सुकता है कि आखिर उस तिजोरी से क्या सामने आता है।

उच्च शिक्षा के केंद्र के रूप में उभरेगा गिरिडीह

संजय सिंह ने बताया कि गिरिडीह में आचार्य जगदीश चंद्र बसु का अंतिम समय बीता था और यह जिला उनके नाम से जुड़ी कई संस्थाओं का गवाह है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की स्वीकृति और प्रयासों से सर जेसी बोस यूनिवर्सिटी की स्थापना का रास्ता तैयार हुआ है, जिसके तहत भविष्य में इंजीनियरिंग, मेडिकल और मैनेजमेंट जैसे पाठ्यक्रम संचालित होंगे। इसे उन्होंने महान वैज्ञानिक के प्रति एक सार्थक पहल बताया।

स्मारक संरक्षण और आयोजन

कार्यक्रम की शुरुआत जेसी बोस चौक स्थित आचार्य बसु की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई, जिसके बाद विज्ञान भवन में स्थापित मूर्ति पर भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इस दौरान समिति के सदस्यों ने स्मारक के संरक्षण से जुड़े कार्यों पर भी जोर दिया। मौके पर सोसायटी के अध्यक्ष प्रभाकर कुमार, सचिव रितेश सराक, संयुक्त सचिव रामजी यादव, नवीन कुमार सिन्हा, राजेश कुमार सिन्हा, शंकर पांडेय, टुन्ना सिंह, अनन्या निशु, दशरथ प्रसाद और योगेश्वर कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *