झारखंड में MDS की खाली सीटों पर स्ट्रे वैकेंसी राउंड से होगा नामांकन, 22 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
Last Updated on November 21, 2026 by Gopi Krishna Verma
JCECEB ने जारी किया महत्वपूर्ण नोटिस, 24 नवंबर से शुरू होगी च्वाइस फिलिंग; 27 और 28 नवंबर को सीट आवंटन व नामांकन की प्रक्रिया

रांची। झारखंड में मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी (MDS) पाठ्यक्रम की राज्य कोटा की रिक्त सीटों पर नामांकन के लिए स्ट्रे वैकेंसी राउंड की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने NEET (MDS)-2026 के परिणाम के आधार पर ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है।

पर्षद की ओर से जारी विज्ञापन संख्या JCECEB/48/26-127 के अनुसार, योग्य अभ्यर्थी 19 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे। इसके बाद 23 नवंबर को स्ट्रे वैकेंसी राउंड के लिए अंतिम राज्य मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी।

24 नवंबर से शुरू होगी च्वाइस फिलिंग
जारी कार्यक्रम के अनुसार, 24 से 26 नवंबर तक अभ्यर्थियों को ऑनलाइन च्वाइस फिलिंग का मौका मिलेगा। 27 और 28 नवंबर को प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर जारी किया जाएगा। इसी अवधि में प्रमाणपत्रों का सत्यापन और संबंधित संस्थान में नामांकन की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

पर्षद ने स्पष्ट किया है कि वैसे अभ्यर्थी, जिन्हें ऑल इंडिया कोटा या राज्य काउंसलिंग के माध्यम से पहले ही सीट मिल चुकी है अथवा जिन्होंने नामांकन ले लिया है, वे इस राउंड में शामिल नहीं हो सकेंगे। इसमें निजी और डीम्ड विश्वविद्यालयों में नामांकन लेने वाले अभ्यर्थी भी शामिल हैं। वहीं, राज्य मेरिट सूची के तीसरे राउंड में पहले से शामिल अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।

आवेदन और काउंसलिंग शुल्क निर्धारित
आवेदन एवं रजिस्ट्रेशन शुल्क सामान्य, EWS, BC-I और BC-II श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 1000 रुपये निर्धारित किया गया है। एससी, एसटी और सभी श्रेणियों की महिला अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 500 रुपये होगा।
काउंसलिंग शुल्क सामान्य, EWS, BC-I और BC-II के लिए 2000 रुपये तथा एससी, एसटी और सभी श्रेणियों की महिला अभ्यर्थियों के लिए 1200 रुपये निर्धारित है।

सिक्योरिटी डिपॉजिट भी देना होगा
सरकारी संस्थानों के लिए सामान्य और EWS श्रेणी के अभ्यर्थियों को 30 हजार रुपये तथा एससी, एसटी, ओबीसी और दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों को 15 हजार रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट देना होगा। निजी मेडिकल कॉलेज के लिए दो लाख रुपये और डेंटल कॉलेज के लिए एक लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। स्ट्रे/मॉप-अप राउंड के लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट 50 हजार रुपये रखा गया है।
इच्छुक अभ्यर्थी JCECEB की आधिकारिक वेबसाइट https://jceceb.jharkhand.gov.in पर जाकर काउंसलिंग सेक्शन में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
