शिक्षा और पर्यावरण पर रंगों से बोलेंगे बच्चे, डोमापहाड़ी विद्यालय में होगी ड्राइंग प्रतियोगिता
Last Updated on November 20, 2026 by Gopi Krishna Verma
किशोर-किशोरी संगठनों की बैठक में लिया गया निर्णय, 60 से अधिक किशोर-किशोरियों ने लिया हिस्सा; विजेताओं को किया जाएगा पुरस्कृत

गिरिडीह। बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से सोनवाद पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय, डोमापहाड़ी में ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसे लेकर किशोर-किशोरी संगठनों की बैठक में निर्णय लिया गया। बैठक में तीन किशोर-किशोरी संगठनों के 60 से अधिक सदस्य शामिल हुए।

बैठक के दौरान शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। तय किया गया कि आगामी सोमवार को विद्यालय परिसर में बच्चों के बीच शिक्षा एवं पर्यावरण विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसमें बच्चे अपनी चित्रकला के माध्यम से शिक्षा के महत्व, स्वच्छ पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण से जुड़े विचारों को प्रदर्शित करेंगे। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम का आयोजन समता फेलो नवीन कुमार उर्फ नवीन राज टाइगर के नेतृत्व में किया जाएगा। बैठक में विद्यालय के शिक्षकों ने भी सक्रिय सहयोग किया। शिक्षकों ने इस तरह की रचनात्मक गतिविधियों को बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनमें सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण बताया।

आयोजकों के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों की छिपी प्रतिभा को मंच देना, उनमें रचनात्मक सोच विकसित करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करना है। किशोर-किशोरी संगठनों के माध्यम से बच्चों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़कर सकारात्मक बदलाव की दिशा में प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
