गिरिडीह: पीरटांड़ में भाजपा का मिलन समारोह आयोजित, सैकड़ों ग्रामीणों ने थामा दामन

0

Last Updated on November 18, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। मंगलवार को गिरिडीह विधानसभा अंतर्गत पीरटांड़ प्रखंड के बांध पंचायत और मधुबन पंचायत के भोलाटांड फुटबॉल मैदान में एक भव्य भाजपा मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता सुरेश साव ने शिरकत की।

रशिक लाल हेम्ब्रम और सुशील मुर्मू के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह के दौरान सैकड़ों की संख्या में आदिवासी युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों ने झामुमो-कांग्रेस सरकार की नीतियों से असंतुष्ट होकर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्य अतिथि सुरेश साव ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पट्टा पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

हेमंत सरकार पर साधा निशाना

समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा नेता सुरेश साव ने राज्य की झामुमो-कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पीरटांड़ प्रखंड के गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। कई गांवों में न तो सड़कें हैं और न ही पुल-पुलिया। स्थिति इतनी दयनीय है कि पक्के रास्ते न होने के कारण आज भी मरीजों को खाट पर लादकर अस्पताल ले जाने की विवशता है।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य में युवा उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद बेरोजगार घूमने को मजबूर हैं। सरकार केवल आदिवासी समुदाय को अपना वोट बैंक मानकर उनका इस्तेमाल कर रही है और आदिवासी-मूलवासी के नाम पर जनता को ठगने का काम कर रही है। हेमंत सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।

पीएम मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर जुड़ रहे हैं लोग

सुरेश साव ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर लगातार लोग भाजपा परिवार से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि सुदूर ग्रामीण इलाकों में नए सदस्यों के पार्टी में शामिल होने से संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए जोहार अर्पित किया।

पार्टी में शामिल होने वाले प्रमुख लोग

इस मिलन समारोह में बाबुराम हेम्ब्रम, कारमाचान्द सोरेन, शिखर मुर्मू, रामचन्द्र हेम्ब्रम, बिनोद सोरेन, अरबिन्द सोरेन, पतिराम सोरेन, बुधन मरांडी, सानू मरांडी, बिनोद मरांडी, सुन्दर लाल मरांडी, सुशील हांसदा, गणेश सोरेन, पंकज मुर्मू, मुन्शी हांसदा, रसीला सोरेन, शनीचर हांसदा, महेन्द्र मुर्मू, भोला टुडू, सूरजमुनी देवी और चुडकी देवी समेत सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान श्याम प्रसाद, बुधन हेम्ब्रम, माँझी हडाम भीम लाल सोरेन, अर्जुन हेम्ब्रम और अमर तुरी सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *