धनवार यूको बैंक डकैती कांड का खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार; हथियार और वाहन बरामद

0

Last Updated on November 9, 2026 by Gopi Krishna Verma

पांच अपराधियों ने हथियार के बल पर लूटे थे पांच करोड़ के सोने के पैकेट और 11.50 लाख नकद, पुलिस की पांच SIT ने की कार्रवाई, जंगल में पीछा कर दबोचे गए आरोपी

गिरिडीह। धनवार चौक स्थित यूको बैंक में दिनदहाड़े हुई करोड़ों की डकैती के मामले में गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देशी कट्टा, एक पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और डकैती में इस्तेमाल किए गए दो अपाचे मोटरसाइकिल समेत एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया है। पुलिस अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सोने एवं नकदी की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, पांच नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे पांच अपराधियों ने धनवार चौक स्थित यूको बैंक में घुसकर हथियार के बल पर डकैती की घटना को अंजाम दिया था। अपराधी बैंक के लॉकर से करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य के सोने के पैकेट और 11 लाख 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। इस मामले में धनवार थाना कांड संख्या 288/2026 दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर, सरिया-बगोदर, खोरीमहुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-2) के नेतृत्व में पांच विशेष अनुसंधान दल (SIT) गठित किए गए। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ जिलेभर में नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू की।

जंगल में बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद भागे अपराधी

पुलिस के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल से भाग रहे अपराधियों का टीम ने पीछा किया। इसी दौरान जमुआ थाना क्षेत्र के बरदबटिया गांव के पास सड़क पर बड़े गड्ढे के कारण अपराधियों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद अपराधी मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने जंगल की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया और मो. रिजवान को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर झाड़ी में छिपाकर रखा गया लोडेड पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे छापेमारी करते हुए बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बदवारा जंगल से सुलतान अली उर्फ रॉकी को एक देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, आयुष पाण्डेय को चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद हुआ। आरोपियों की निशानदेही पर बेंगाबाद क्षेत्र से डकैती में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया।

लूटे गए सोने और नकदी की बरामदगी के लिए छापेमारी

गिरफ्तार आरोपियों में मो. रिजवान और सुलतान अली उर्फ रॉकी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, रिजवान के खिलाफ मधुपुर थाना में वर्ष 2024 का मामला दर्ज है, जबकि सुलतान अली के खिलाफ वर्ष 2025 में मधुपुर थाना में डकैती से संबंधित कांड दर्ज है।

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सोने एवं नकदी की बरामदगी के लिए तीन अतिरिक्त SIT गठित की गई हैं। सभी टीमें लगातार छापेमारी अभियान चला रही हैं।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed