दीपावली की खुशियां मातम में तब्दील: तिसरी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास मछली की दुकान में लगी भीषण आग, सब कुछ जलकर खाक

0

Last Updated on November 9, 2026 by Gopi Krishna Verma

पटाखों की चिंगारी से हादसा होने की आशंका; लकड़ी की गुमटी होने के कारण तेजी से फैली आग, हजारों का नुकसान

गिरिडीह। दीपावली की देर शाम तिसरी प्रखंड मुख्यालय में एक दर्दनाक हादसा हो गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के मुख्य गेट के ठीक बगल में स्थित धनेश्वर साव की मछली की एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी लकड़ी की गुमटी जलकर राख हो गई और दुकान में रखा सारा सामान भी जलकर नष्ट हो गया।

दीया जलाकर घर गई थीं दुकान संचालक की पत्नी

दुकान संचालक धनेश्वर साव की पत्नी रुपमणि देवी ने बताया कि उन्होंने दीपावली की शाम दुकान में दीया जलाया था और इसके बाद दुकान बंद कर घर चली गई थीं। रात करीब 8:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि दुकान में आग लग गई है। वह तुरंत मौके पर पहुंचीं, जहां दुकान धू-धू कर जल रही थी। उन्होंने आशंका जताई है कि दीपावली के दौरान आसपास छोड़े गए पटाखों की चिंगारी या दीये से यह आग लगी होगी। लकड़ी की गुमटी होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने पाया आग पर काबू

आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलने पर तिसरी थाना पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी शंभू नंद ईश्‍वर, पुलिसकर्मी निरंजन कुमार, राहुल यादव व अन्य जवानों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी।

परिवार पर आया आर्थिक संकट

इस भीषण अग्निकांड में हजारों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। दीपावली जैसे पावन त्योहार के दिन दुकान जल जाने से धनेश्वर साव के परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है, क्योंकि यह दुकान ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थी।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed