गिरिडीह में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका के चयन की तारीखें घोषित, 10 केंद्रों पर होगी बहाली!
Last Updated on November 2, 2026 by Gopi Krishna Verma
13 से 27 नवंबर तक अलग-अलग पंचायतों में होगा चयन, जिला समाज कल्याण शाखा ने जारी की सूची

गिरिडीह। आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविका और सहायिका बनने की तैयारी कर रही महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। गिरिडीह जिला समाज कल्याण शाखा की ओर से जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों पर चयन के लिए तिथि, समय और चयन स्थल निर्धारित कर सूची जारी की गई है। जारी सूची के अनुसार, देवरी और गिरिडीह सदर परियोजना के अंतर्गत कुल 10 केंद्रों में चयन की प्रक्रिया नवंबर महीने में पूरी की जाएगी।
जारी सूची के मुताबिक, देवरी परियोजना के घसकरीडीह पंचायत स्थित नारायणपुर केंद्र में सहायिका तथा बड़कीटांड़ केंद्र में सेविका के चयन के लिए 13 नवंबर को सुबह 10:30 बजे चयन प्रक्रिया निर्धारित है। हरियाडीह पंचायत के सोगरा केंद्र में सहायिका का चयन 17 नवंबर को होगा। वहीं घसकरीडीह केंद्र में सेविका के चयन की तिथि 26 नवंबर तय की गई है।

गिरिडीह सदर परियोजना के अंतर्गत गादी श्रीरामपुर पंचायत के पुरनीपटेरिया केंद्र, फूलची पंचायत के भरकट्टा केंद्र, सिकदारडीह पंचायत के हुंडाडोडीह केंद्र, तेलोडीह पंचायत के तेलोडीह केंद्र, सिहोडीह पंचायत के सिहोडीह-2 केंद्र तथा पिंडाटांड़ पंचायत के सुग्गासार केंद्र में भी चयन किया जाएगा। इन केंद्रों के लिए 25 से 27 नवंबर तक अलग-अलग समय निर्धारित किया गया है।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी की ओर से जारी सूची में चयन स्थल के रूप में संबंधित संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का उल्लेख किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थियों को चयन की निर्धारित तिथि, समय और स्थल की जानकारी सूची के अनुसार प्राप्त करने की सलाह दी गई है।
नोट: जारी सूची चयन की तिथियों से संबंधित है। आवेदन की अंतिम तिथि एवं पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित विभागीय कार्यालय से संपर्क करना उचित होगा।
