Last Updated on October 13, 2026 by Gopi Krishna Verma
बक्से का ताला तोड़कर जेवरात बेचने की कोशिश कर रहा था पति, पत्नी ने किया विरोध तो उठाया खौफनाक कदम

गिरिडीह। जिले के भरकट्टा ओपी क्षेत्र के केंदुआडीह गांव में सोमवार आधी रात को एक दर्दनाक घटना सामने आई। शराब और जुआ खेलने के लिए पत्नी द्वारा पैसे न देने पर 32 वर्षीय नरेश विश्वकर्मा ने कमरे में खुद को बंद कर फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
मृतक की पत्नी अन्नू देवी ने बताया कि नरेश देर रात तक घर नहीं लौटा था और फोन पर लगातार पैसों की मांग कर रहा था। पत्नी ने किसी तरह उसके मोबाइल पर दो सौ रुपये भेजे, जिसके बाद वह नशे की हालत में घर पहुंचा और और रुपयों की मांग करने लगा। पैसे न मिलने पर उसने बक्से का ताला तोड़कर जेवरात निकालने की कोशिश की। पत्नी द्वारा विरोध करने और जेवरात छीनने पर दोनों में विवाद बढ़ गया। इसके बाद नरेश ने पत्नी को एक कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी।

पत्नी के चिल्लाने और सास-ससुर को फोन करने पर परिजन मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोड़कर अंदर देखने पर नरेश का शव किचन में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही भरकट्टा ओपी पुलिस और स्थानीय मुखिया मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से आवेदन नहीं मिला है, आवेदन मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




