Last Updated on October 13, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बदडीहा के निकट गिरिडीह-डुमरी मुख्य पथ पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक किसी दोस्त का बर्थडे मनाकर अपने घर लौट रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
मृतकों की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बदडीहा निवासी 22 वर्षीय सूरज तुरी (पिता प्रकाश तुरी) और तुलसी दास (पिता स्व. गुरु दास) के रूप में हुई है। यह दुर्घटना रात करीब 11 बजे घटी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और आक्रोशित परिजनों ने मुआवजा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम की वजह से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद अहले सुबह लगभग 3 बजे सड़क जाम हटाया जा सका, जिसके बाद यातायात सुचारू हो पाया।
पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।




