Last Updated on October 3, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात बाइक छिनतई की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। लेदा पानी टंकी के पास अज्ञात अपराधियों ने एक 55 वर्षीय बाइक सवार की आंखों में लाल मिर्ची पाउडर झोंक दिया और उनकी बाइक छीनकर फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
रास्ता पूछने के बहाने बनाया निशाना
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलेदा निवासी 55 वर्षीय भागीरथ राय के रूप में हुई है। वह लेदा गांव स्थित एक भजन मंडली में कीर्तन में शामिल होने जा रहे थे। चूंकि वे पहली बार वहां जा रहे थे, इसलिए रास्ते से अनजान थे।
कोवाड़ के पास भागीरथ राय ने बुलेट सवार तीन युवकों को रोककर लेदा जाने का रास्ता पूछा। रास्ता बताने के बाद अपराधियों की नीयत खराब हो गई और वे चोरी-छिपे उनका पीछा करने लगे।

जंगल और अंधेरे का उठाया फायदा
भागीरथ राय जैसे ही लेदा पानी टंकी के पास पहुंचे, बुलेट सवार युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। जब तक वे कुछ समझ पाते, अपराधियों ने उनकी आंखों में तेज मिर्ची पाउडर डाल दिया। आंखों में भयानक जलन होने के कारण उन्होंने गाड़ी रोक दी। अपराधियों ने दोबारा उनकी आंखों में मिर्ची झोंक दी और मौका पाते ही गाड़ी की चाबी छीनकर बाइक लेकर चंपत हो गए।
आसपास घना जंगल और अंधेरा होने के कारण मौके पर कोई मददगार मौजूद नहीं था। पीड़ित ने किसी तरह लेदा पहुंचकर ग्रामीणों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जांच में जुटी मुफस्सिल थाना पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम 15-20 मिनट के भीतर मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने भी घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस ने पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या अपराधियों ने पहले से इस घटना की साजिश रची थी या फिर मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।




